Public News: सिलेंडर बुकिंग की आंधी से सर्वर का सरेंडर

Public News: सिलेंडर बुकिंग की आंधी से सर्वर का सरेंडर

ईरान-इजरायल युद्ध से अब छत्तीसगढ़ भी प्रभावित होने लगा है। क्योंकि इसका असर लोगों के व्यापार से लेकर सीधा रसोई तक जा पहुंचा है। स्थिति यह है कि प्रदेश में गैस सिलेंडर का 5 दिन का तो स्टॉक रखा है, लेकिन अब एजेंसियों के पास रखा स्टॉक आधा हो गया है। गैस सिलेंडर ना मिलने के डर की वजह से लोग धड़ाधड़ ऑनलाइन गैस सिलेंडर की बुकिंग कर रहे हैं।

अब 19 हजार के पार बुकिंग

आम दिनों में जहां हर दिन रायपुर जिले में 4 हजार बुकिंग होती थी, वह अब 19 हजार के पार जा चुकी है। जो कि हर दिन के मुकाबले 4 गुना अधिक है। प्रदेशभर में यह आकंड़ा लाखों पार कर चुका है। इसके कारण बुधवार को दिनभर सर्वर डाउन रहा। काफी लोग परेशान होते रहे। हालत यह रही कि ऑनलाइन बुकिंग नहीं होने पर गैस एजेंसियों में लोगों की भीड़ जमा होने लग गई। क्योंकि ऑफलाइन बुकिंग की सुविधा नहीं है। पत्रिका ने लोगों को होने वाली परेशानियों को समझने के लिए शहर के अलग-अलग हिस्से में स्थित गैस एजेंसी में पहुंचकर लोगों के हालत समझे।

दिनभर लोग होते रहे परेशान

केस-1, 12.25 बजे पत्रिका की टीम राजीव गांधी चौक स्थित एचपी गैस हाऊस एजेंसी पहुंची। यहां लोगों की भीड़ एजेंसी के बाहर तक थी। जिसमें अधिकतर लोगों ने बताया कि उनकी गैस की बुकिंग नहीं हो रही है, सर्वर डाउन की समस्या आ रही है। एजेंसी में ऑनलाइन करने कहा जा रहा है।
केस-2, 1.37 बजे टीम बैरन बाजार स्थित लक्ष्मी गैस एजेंसी पहुंची। यहां कर्मचारियों के लंच पर जाने के बाद भी गैस सिलेंडर के लिए भीड़ एजेंसी के बाहर घंटों तक बैठी रही। वहां, खड़े मुस्ताक ने बताया कि सिलेंडर घर नहीं पहुंच रहा है, टंकी लेकर आए हैं कि यहीं से लेकर चले जाएं।
केस-3, करीब 3 बजे के पास पत्रिका की टीम सेंट पॉल चर्च के पास स्थित फ्लेम एंड फ्लेम गैस एजेंसी पहुंची। यहां लोगों की भीड़ खुद सिलेंडर लेने के लिए लाइन लगाई हुई थी। यहां लोगों ने बताया कि जिन लोगों का 15 दिन पहले का नंबर लगा हुआ है, उनको पहेल सिलेंडर दिया जा रहा है। कुछ लोग बुकिंग नहीं होने के कारण एजेंसी में पता करने पहुंचे थे।
केस-4, 3,20 बजे इंडेन के आकाश गैस सर्विस पहुंचे, यहां भी अधिकर लोगों की भीड़ बुकिंग नहीं होने के वजह से पहुंची थी। मौजूद अनिल ने बताया कि सुबह से ऑनलाइन बुकिंग करने का ट्राई किया जा रहा है, लेकिन नहीं हो रहा है, एजेंसी में कह रहे है कि कोशिश करते रहो। वहीं, एजेंसी वालों को कहना था कि सर्वर में समस्या चल रही है, जिन लोगों ने 15 दिन पहले बुक किया था, उनको पहले सिलेंडर दिया जा रहा है।
केस-5, शाम 6 बजे पत्रिका की टीम राजकुमार कॉलेज के सामने स्थित इंडेन के किचन क्वीन गैस एजेंसी पहुंची। यहां की महिला कर्मचारी ने बताया कि सर्वर नहीं चलने की वजह से ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो रही है। ऑफलाइन बुक करने का किसी तरह विकल्प भी नहीं है। यहां कई लोग सुबह 8 बजे से ऑफिस के चक्कर काट रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *