गाजीपुर में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव ने महिलाओं से जुड़े मामलों की जनसुनवाई की। इस दौरान कुल 11 प्रकरण सामने आए, जिनमें से 6 आवेदनों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। एक मामले में समझौते के बाद महिला की विदाई भी कराई गई। यह जनसुनवाई लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस/निरीक्षण गृह में आयोजित की गई थी। इसमें महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और पति द्वारा मारपीट जैसे विभिन्न मामलों की सुनवाई पुलिस तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में हुई। सुनवाई के दौरान सुनीता श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप महिला आयोग महिलाओं की सुरक्षा और उत्पीड़न से न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने यह भी बताया कि महिलाओं और बालिकाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। आयोग में आने वाले प्रत्येक प्रकरण का गहन विश्लेषण कर संबंधित अधिकारियों के सहयोग से समाधान करना उनकी जिम्मेदारी है। शेष बचे मामलों में महिला आयोग की सदस्य ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर, महिला थाना प्रभारी नीतू मिश्रा, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सोनी, वन स्टॉप सेंटर प्रभारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


