टीकमगढ़ में शुक्रवार को गैस सिलेंडर न मिलने से परेशान उपभोक्ताओं ने कलेक्ट्रेट रोड पर जाम लगा दिया। गिरिराज एजेंसी के बाहर सड़क पर सिलेंडर रखकर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। देहात थाना प्रभारी चंद्रजीत यादव ने प्रदर्शनकारी उपभोक्ताओं से बातचीत कर उन्हें समझाया और जाम हटाने की अपील की। इस विरोध प्रदर्शन के कारण करीब एक घंटे तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। दरअसल, बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस सिलेंडर के लिए परेशान हैं। लोगों का कहना है कि गैस बुकिंग कराने के बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। कई उपभोक्ताओं के मोबाइल पर डिलीवरी के मैसेज आ रहे हैं, लेकिन सिलेंडर उन तक नहीं पहुंच रहे हैं। होम डिलीवरी भी बंद होने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है। इस समस्या को देखते हुए कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने होम डिलीवरी तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों का उद्देश्य गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ को कम करना और उन्हें समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराना है।


