मेरठ में सोनू कश्यप हत्याकांड के विरोध में प्रदर्शन:हाथरस में निषाद पार्टी ने मुख्यमंत्री से उच्चस्तरीय जांच की मांग की

मेरठ में सोनू कश्यप हत्याकांड के विरोध में प्रदर्शन:हाथरस में निषाद पार्टी ने मुख्यमंत्री से उच्चस्तरीय जांच की मांग की

निषाद पार्टी ने मेरठ में मछुआ समाज के युवक सोनू कश्यप की हत्या के मामले में आज सोमवार को हाथरस में मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन भेजा। पार्टी ने यह ज्ञापन कलेक्ट्रेट पहुंचकर अधिकारियों को दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि इस हत्या से पूरा समाज व्यथित है। निषाद पार्टी का आरोप है कि बार-बार निवेदन के बावजूद प्रशासन ने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की, जिससे समाज में तीव्र रोष उत्पन्न है। पार्टी ने मेरठ के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पर प्रारंभिक स्तर पर मामले को दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद को मेरठ जाते समय गाजियाबाद सीमा पर रोक दिया गया, जबकि उसी समय अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पीड़ित परिवार से मिलने की अनुमति दी गई। इसे प्रशासन की पक्षपातपूर्ण मंशा बताया गया। निषाद पार्टी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मेरठ प्रकरण में संलिप्त, उदासीन और पक्षपातपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, हत्या प्रकरण की उच्च-स्तरीय और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए। पार्टी ने पीड़ित परिवार के लिए 1 करोड़ रुपये के मुआवजे, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और ग्राम समाज की पट्टेधारक भूमि पीड़ित परिवार के नाम दर्ज करने की मांग की। इसके अतिरिक्त, परिवार को सुरक्षा व्यवस्था प्रदान करने और मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलवाने की भी अपील की गई। इस अवसर पर निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष राजकुमार के साथ प्रमोद कश्यप, मंगल कश्यप, महेश कुमार, हीरेश कुमार और राजू कश्यप सहित कई सदस्य मौजूद थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *