गुरुग्राम के फर्रुखनगर में 4.73 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला आधुनिक खेल स्टेडियम चार साल बाद भी फाइलों में अटका हुआ है। अधिकारियों की लापरवाही के कारण इस इलाके की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सपना अधूरा है। योजना और बजट तय होने के बावजूद अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने 28 सितंबर 2021 को फर्रुखनगर में इस आधुनिक स्टेडियम के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया था। इस परियोजना में बहुउद्देशीय हॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबॉल कोर्ट,खो-खो मैदान और एथलेटिक्स ट्रैक जैसी सुविधाएं शामिल की थीं। माइक्रो सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की भी योजना यहां चारदीवारी,चौकीदार कक्ष,आंतरिक सड़क और पार्किंग की व्यवस्था भी प्रस्तावित थी।पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से स्टेडियम के पास एक माइक्रो सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाने की भी योजना थी। इसका उद्देश्य शोधित पानी का उपयोग हरियाली बढ़ाने और पौधों की सिंचाई के लिए करना था। सही तैयारी नहीं कर पा रहे युवा स्टेडियम के निर्माण में देरी का सीधा असर स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों पर पड़ रहा है। अभ्यास के लिए उन्हें गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्रों में जाना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों के लिए यह स्थिति विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण है, जिसके कारण कई प्रतिभाशाली युवा खेल से दूर हो रहे हैं। युवाओं के भविष्य से जुड़ा मुद्दा सैनी महापंचायत गुरुग्राम के जिला अध्यक्ष और पूर्व पार्षद मुकेश सैनी (मुर्की वाला) ने कहा कि उस समय स्टेडियम को लेकर सकारात्मक माहौल था। यह केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसे जल्द पूरा नहीं किया गया, तो युवाओं का व्यवस्था से भरोसा उठ सकता है। युवाओं के साथ अन्याय पूर्व नगरपालिका चेयरमैन सुमन यादव ने बताया कि युवाओं की आवश्यकता को देखते हुए स्टेडियम निर्माण के लिए लगातार प्रयास किए गए थे और योजना को मंजूरी भी मिली थी। उन्होंने कहा कि निर्माण प्रक्रिया में बरती गई ढिलाई से युवाओं के साथ अन्याय हुआ है। स्टेडियम का निर्माण करने की मांग अब क्षेत्र के लोग और खिलाड़ी प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि स्टेडियम निर्माण को प्राथमिकता दी जाए, ताकि युवाओं को खेल के बेहतर अवसर मिल सकें और उनकी प्रतिभा को उचित मंच मिल पाए। बाधाएं दूर करवाई जा रही नगर पालिका के सचिव राजेश शर्मा का कहना है कि स्टेडियम निर्माण का कार्य प्रोसेस में है। यह एक बड़ा प्रोजेक्ट है और कई तरह की मंजूरी की जरूरत होती है। सारी बाधाएं दूर करने के बाद स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।


