Big action against Former SP block chief कन्नौज में समाजवादी पार्टी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव और उसके भाई नीलू यादव के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के आदेश पर 8 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति को कुर्क कर लिया। इस दौरान डुगडुगी पिटवाकर लोगों को इसकी जानकारी दी गई। अब इस संपत्ति का किसी प्रकार से भी इस्तेमाल करना या खरीदना-बेचना गैरकानूनी होगा। कुर्की के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद थी। अभियान डिप्टी कलेक्टर अविनाश गौतम और क्षेत्राधिकार नगर अभिषेक कुमार अजय की देखरेख में पूरा हुआ।
बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया
उत्तर प्रदेश के कन्नौज में समाजवादी पार्टी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव और उसके भाई नीलू यादव के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई की। जिला प्रशासन ने नवाब सिंह और नीलू यादव के खिलाफ गिरोहबंद एवं सामाजिक क्रियाकलाप अधिनियम की धारा 14(1) के अंतर्गत कार्रवाई की है। कुल पांच स्थानों पर यह कार्रवाई की गई है। जिसमें कुतुलूपुर, जेरकिला, सारय शाह मोहम्मद, तालवारन, यूसुफपुर भगवान आदि स्थानों पर यह संपत्ति कुर्की गई है।
क्या कहते हैं डिप्टी कलेक्टर?
इस मौके पर डिप्टी कलेक्टर ने बताया कि अभियुक्त नवाब सिंह यादव के अपराध जगत से कमाई गई संपत्ति को कुर्क किया गया है। पहले संपत्ति को कुर्क किया गया है। इसकी अनुमानित लागत डेढ़ करोड़ रुपए है। इसके अतिरिक्त शहर के आसपास की संपत्तियां हैं। जिनको कुर्क किया जाएगा। रिसीवर नायब तहसीलदार सदर और पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई होगी। आज कुर्क किए जाने वाली संपत्ति की अनुमानित लागत 8 करोड़ 65 लाख है।


