राजस्थान फेस्टिवल में 15 से 19 मार्च तक होंगे कार्यक्रम

बारां| राजस्थान दिवस सप्ताह में जिले में 15 से 19 मार्च तक राजस्थान फेस्टिवल के विभिन्न कार्यक्रम होंगे। जिला प्रशासन ने इसकी रूपरेखा तय की है। शहर के सभी चौराहों व मिनी सचिवालय पर विद्युत सज्जा भी की जाएगी। कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने बताया कि राजस्थान फेस्टिवल में 15 मार्च को विकसित रन का आयोजन सुबह 7 बजे खेल संकुल कोटा रोड से प्रारंभ होगा। यह रन चारमूर्ति चौराहा, प्रताप चौक, धर्मादा चौराहा, अस्पताल रोड, रेलवे ऑवर ब्रिज के नीचे से होते हुए वापस खेल संकुल कोटा रोड पहुंचकर समाप्त होगा। इसी दिन दो दिवसीय एक जिला एक उत्पाद मेला व प्रदर्शनी का नगर परिषद के परिसर में शुभारंभ किया जाएगा। जिसमें स्टॉल लगाई जाएगी। विद्यालयों व महाविद्यालयों में निबंध, भाषण व चित्रकारी के कार्यक्रम भी होंगे। राजस्थान को जाने डिजिटल क्विज के रजिस्ट्रेशन के साथ राजस्थान दिवस समारोह का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। वहीं 17 मार्च को राजस्थान युवा शक्ति दिवस के तहत राजस्थान को जाने क्विज का जिला स्तरीय आयोजन होगा। इसी दिन जयपुर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय युवा सम्मेलन में जिले के नवनियुक्त कार्मिक सम्मिलित होंगे। अगले दिन 18 मार्च को सांयकाल राजकीय मंदिरों में आरती के कार्यक्रम होंगे। वहीं 19 मार्च को सायंकाल श्रीराम स्टेडियम में आतिशबाजी की जाएगी। साथ ही सायं 7 बजे मेलखेड़ी रोड स्थित टाउन हॉल में जिला स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। जिसमें चकरी नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *