खुले सीवर चेंबर और टूटी सड़क से खतरा:धौलपुर की ज्ञान सरोवर कॉलोनी में दो माह से समस्या बरकरार

धौलपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 60 स्थित ओडेला रोड की ज्ञान सरोवर कॉलोनी में खुले सीवर लाइन चेंबर और टूटी सड़क पिछले दो महीनों से स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर इन खुले चेंबरों के कारण हादसों की आशंका बनी रहती है, खासकर स्कूली बच्चों और राहगीरों के लिए यह मार्ग जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में बच्चे और कॉलोनीवासी गुजरते हैं। नगर परिषद प्रशासन की ओर से अब तक इस समस्या पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। कई बार शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। हाल ही में धौलपुर की समस्याओं को लेकर एक छोटे बच्चे द्वारा लिखा गया निबंध भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित नहीं कर सका। निबंध में बच्चे ने शहर की अव्यवस्थाओं पर चिंता व्यक्त की थी, लेकिन इसके बावजूद जमीनी हालात में कोई बदलाव नहीं आया। इसी तरह, दुर्गा कॉलोनी में भी खुले सीवर चेंबर और गंदगी के ढेर नगर परिषद की व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। स्थानीय निवासी बहादुर सिंह कंसाना ने बताया की दो माह से समस्या जस की तस बनी हुई है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह उदासीन बना हुआ है। वहीं, गब्बर मेरठिया ने नाराजगी जताते हुए कहा, “बार-बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही, आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा है।” कॉलोनीवासियों ने नगर परिषद से जल्द से जल्द खुले सीवर चेंबर बंद कराने और सड़क की मरम्मत करवाने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *