Priyanka Chopra and Nick Jonas Marriage: बॉलीवुड और हॉलीवुड की फेमस एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने अपनी शादी को लेकर चल रही अफवाहों और अटकलों पर खुलकर अपनी राय रखी है। प्रियंका और सिंगर-एक्टर निक जोनस ने 2018 में शादी की थी। करीब 8 साल बाद भी उनके रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया में तरह-तरह के सवाल उठते रहे हैं, लेकिन अब प्रियंका ने साफ कर दिया है कि उन्हें इन बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता।
प्रियंका चोपड़ा ने निक जोनस संग ट्रोलर्स को दिया जवाब
प्रियंका ने बताया कि एक इंटरनेशनल इंटरव्यू के दौरान शुरुआत में उनकी शादी को लेकर उम्र, धर्म और संस्कृति के अंतर को लेकर गलत बातें सुनना काफी मुश्किल था। कई बार ये सब सुनकर दिल टूट जाता था, लेकिन उन्होंने और निक ने मिलकर तय किया कि वे बाहर की बातें भले ही सुनें, उनका अपने रिश्ते पर कोई असर नहीं होगा। उन्होंने कहा कि वे उन फैक्ट्स पर ध्यान देंगे जो उनके रिश्ते से जुड़े हैं, बाकी सब बातों को ‘हंसते हुए अपने ऊपर से उतार देंगे।’ प्रियंका ने कहा, ‘हम 8 साल से साथ हैं। अगर कोई हमारी शादी टूटने की उम्मीद करता है या उस पर कंसपिरेसी बनाता है, तो ये उसकी मर्जी है। हमें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।’
इतना ही नहीं, उन्होंने निक जोनस की ईमानदारी और सादगी की भी तारीफ की। निक के माता-पिता की सरलता और संतुलन ने भी उनके रिश्ते को मजबूती दी है। प्रियंका का कहना है कि निक की दिल से ईमानदार प्रकृति उन्हें हमेशा प्रेरित करती है, खासकर एक ऐसे पेशे में जहां लोग हमेशा बदल जाते हैं।
रेड कार्पेट पर दोनों को अलग-अलग चलते दिखे
हाल ही में गोल्डन ग्लोब्स 2026 के रेड कार्पेट पर दोनों को अलग-अलग चलते देख कुछ लोग फिर से उनकी शादी को लेकर सवाल उठाने लगे थे, लेकिन प्रियंका ने स्पष्ट कहा कि वो अब इस तरह की चीजों को नजरअंदाज कर देती हैं। उनके लिए सबसे अहम निक के साथ उनका रिश्ता और खुशी है। बता दें, प्रियंका चोपड़ा ने इस इंटरव्यू में अपनी शादी को लेकर जो समझदारी और मजबूती दिखाई है, वो उनके व्यक्तित्व की एक खास झलक है।




