3 दिन के दौरे पर मथुरा पहुंचीं राष्ट्रपति द्रोपती मुर्मू दूसरे दिन की शुरुआत संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम केली कुंज पहुंच कर करेंगी। राष्ट्रपति यहां संत प्रेमानंद महाराज को जन्मदिन की बधाई देंगी वहीं उनसे आध्यात्मिक चर्चा भी करेंगी। वह यहां करीब आधा घंटे तक रहेंगी। केली कुंज आश्रम में करेंगी मुलाकात राष्ट्रपति द्रोपती मुर्मू का काफिला सुबह रमण रेती स्थित केली कुंज आश्रम पहुंचेगा। यहां राष्ट्रपति द्रोपती मुर्मू संत प्रेमानंद महाराज को जन्मदिन की बधाई देंगी। संत प्रेमानंद महाराज का गुरुवार को जन्मदिन था। संत प्रेमानंद महाराज का जन्मोत्सव एक हफ्ते तक मनाया गया। जन्मदिन की बधाई देने के बाद राष्ट्रपति आश्रम का भ्रमण करेंगी और संत प्रेमानंद महाराज से आध्यात्मिक चर्चा करेंगी। बाबा नीम करौरी महाराज की जाएंगी समाधि स्थल संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात के बाद राष्ट्रपति का काफिला वापस होटल जाएगा। जहां ब्रेकफास्ट करने के बाद वह बाबा नीम करौरी महाराज के आश्रम पहुंचेंगी। यहां वह हनुमान जी के दर्शन करेंगी। इसके बाद बाबा नीम करौरी की समाधि स्थल पर जाएंगी। राष्ट्रपति आश्रम में बाबा की कुटिया को भी देखेंगी। कैंसर यूनिट का करेंगी उद्घाटन राष्ट्रपति द्रोपती मुर्मू बाबा नीम करौरी आश्रम से रामकृष्ण मिशन हॉस्पिटल जाएंगी। जहां बनी पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सबसे आधुनिक कैंसर यूनिट का उद्घाटन करेंगी। रामकृष्ण सेवाश्रम चैरिटेबल अस्पताल विगत 118 वर्षों से मथुरा एवं आसपास के क्षेत्रों के गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहा है। वर्तमान में यह अस्पताल 400-बेड का मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी संस्थान बन चुका है। RKMS किफायती दरों पर कॉर्पोरेट अस्पताल जैसी सेवाएं प्रदान करता है। वर्ष 2017 में अस्पताल में ऑन्कोलॉजी विभाग की स्थापना की गई, जिसके अंतर्गत आधुनिक कैंसर सर्जरी, कीमोथेरेपी तथा इम्यूनोथेरेपी जैसी उन्नत सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। सम्पूर्ण कैंसर उपचार, विशेषकर रेडियोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु एक अत्याधुनिक समर्पित भवन ‘नंद किशोर सोमानी ऑन्कोलॉजी ब्लॉक’ का निर्माण किया गया है। यह तीन मंजिला भवन विशेष रूप से कैंसर उपचार के लिए विकसित किया गया है। इसमें ग्राउंड फ्लोर पर • ट्रूबीम (TrueBeam) विद हाइपरआर्क (HyperArc) • हैल्सियन (Halcyon) विद हाइपरसाइट (HyperSight) • ब्रैकीथेरेपी (Bravos) • रेडियोथेरेपी सीटी सिम्युलेटर फर्स्ट फ्लोर पर ऑन्कोलॉजी ओपीडी, कीमोथेरेपी डे-केयर यूनिट, ऑन्कोलॉजी फार्मेसी ,ट्यूमर बोर्ड कॉन्फ्रेंस हॉल,ड्यूटी डॉक्टर कक्ष,सेकंड फ्लोर पर ऑन्कोलॉजी जनरल वार्ड,प्राइवेट केबिन,दो अत्याधुनिक पूर्णतः मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर,ट्रूबीम विद हाइपरआर्क, हैल्सियन विद हाइपरसाइट तथा ब्रैकीथेरेपी (Bravos) उपलब्ध रहेगी।


