कोंडागांव शहर से सटे इलाके में एक चीतल (स्पॉटेड डियर) देखा गया है। नववर्ष की शुरुआत में सामने आई इस तस्वीर को वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से सुखद और उत्साहजनक माना जा रहा है। चीतल की मौजूदगी ने क्षेत्र में कौतूहल और उत्सुकता का माहौल बना दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चीतल को शांत भाव से विचरण करते देखा गया। इस दुर्लभ दृश्य को देखकर लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में तस्वीरें और वीडियो कैद किए, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। यह खबर आसपास के गांवों और शहर में चर्चा का विषय बन गई। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि एक समय इस क्षेत्र में चीतल आम तौर पर दिखाई देते थे, लेकिन बीते कई वर्षों से उनकी उपस्थिति लगभग समाप्त हो गई थी। ऐसे में एक युवा चीतल का नजर आना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि कोंडागांव और आसपास के जंगलों में वन्यजीवों की गतिविधियां फिर से बढ़ रही हैं। इलाके में बढ़ाई निगरानी सूचना मिलते ही वन विभाग तुरंत सतर्क हो गया। विभागीय अमले ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है, ताकि चीतल को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे और वह सुरक्षित रहे। वन विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे चीतल के पास न जाएं, उसे डराने या परेशान करने की कोशिश न करें। कोंडागांव रेंजर प्रतीक वर्मा ने बताया, “नववर्ष में यह एक बहुत ही सुंदर और सकारात्मक तस्वीर सामने आई है। इससे प्रतीत होता है कि कोंडागांव के आसपास के जंगलों में वन्यजीवों की हलचल बढ़ रही है। लोगों से आग्रह है कि यदि कहीं भी कोई वन्यजीव दिखाई दे, तो उसकी सूचना वन विभाग को दें, ताकि उसे सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके। फिलहाल यह चीतल पूरी तरह सुरक्षित है।”


