नानकी कन्वेंशन सेंटर में होगा आयोजन
श्री मरुधर देवासी (राईका) समाज संगठन, हुब्बल्ली के तत्वावधान में महाशिवरात्रि का पावन पर्व इस वर्ष भी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। 15 फरवरी को गोकुल रोड स्थित नानकी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में समाज बंधुओं के साथ ही प्रवासी समाज के लोग शामिल होंगे। समाज की ओर से हर वर्ष महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम और सामूहिक भागीदारी के साथ मनाया जाता है, जिससे समाज में एकता और धार्मिक भावना मजबूत होती है।
राजस्थान के कलाकार देंगे भजनों की प्रस्तुति
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रात्रि 8 बजे से आयोजित भजन संध्या होगी, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक मुकेश डांगी एंड पार्टी, नागौर द्वारा भक्ति से ओतप्रोत सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। भजन संध्या में भगवान शिव की महिमा और भक्ति भाव से जुड़े भजनों से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव मिलेगा। आयोजकों के अनुसार, समाज के लोगों में इस पर्व को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है।
समाज के लोग लगे तैयारियों में
महोत्सव के दूसरे दिन 16 फरवरी को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन रखा गया है, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम की तैयारियों में श्री मरुधर देवासी (राईका) समाज संगठन हुब्बल्ली के अध्यक्ष नैतीराम देवासी पादरा, पूर्व अध्यक्ष मालाराम देवासी बिठूजा, मीडिया प्रभारी रतन सिलदर, पूर्व उपाध्यक्ष मोहनलाल गांवड़ी तथा कमेटी सदस्य मेघाराम कावतरा सहित समाज के कई सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।


