भद्रकाली मेले की तैयारियां शुरू:हनुमानगढ़ समिति संभालेगी पेयजल, भंडारा और अन्य सुविधाएं

भद्रकाली मेले की तैयारियां शुरू:हनुमानगढ़ समिति संभालेगी पेयजल, भंडारा और अन्य सुविधाएं

माता भद्रकाली मेले की तैयारियों को लेकर हनुमानगढ़ सेवा समिति (भारत क्लब) की बैठक भद्रकाली स्थित कार्यालय में हुई। समिति अध्यक्ष मदन गोपाल जिंदल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में 19 से 27 मार्च तक लगने वाले मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विस्तृत चर्चा की गई। समिति के सचिव सुनील धुडिया ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं के लिए सबमर्सिबल पंप के माध्यम से पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, जूता घर और खोया-पाया केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि मेले में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समिति कार्यालय के पीछे प्रथम नवरात्र से अष्टमी तक प्रतिदिन भंडारा लगाया जाएगा। वहीं, नवमी के दिन महिला श्रद्धालुओं के लिए विशेष विश्राम गृह की व्यवस्था की जाएगी। अध्यक्ष मदन गोपाल जिंदल ने जानकारी दी कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समिति कार्यालय और भंडारा स्थल पर शेड का निर्माण कराया गया है। इससे तेज धूप, बारिश या आंधी के दौरान श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी। बैठक के बाद समिति के सदस्यों ने मेला क्षेत्र में सफाई अभियान भी चलाया। इस दौरान कार्यालय परिसर, भंडारा स्थल, जूता घर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई, जिससे मेले के दौरान स्वच्छ वातावरण बना रहे। मेले की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। इनमें रामकुमार मंगवाना को मेला प्रभारी, सुनील धुडिया को कार्यालय प्रभारी, विनोद गर्ग को भंडारा व्यवस्था प्रभारी, मदन गोपाल जिंदल को खोया-पाया केंद्र प्रभारी, बजरंग सिंह को जूता घर प्रभारी, दीपक बागड़ी को व्हील चेयर प्रभारी, डॉ. मोहनलाल शर्मा को चिकित्सा व्यवस्था प्रभारी और भगवान सिंह को सबमर्सिबल व्यवस्था प्रभारी बनाया गया है। बैठक में कई सदस्यों ने मेले को सफल बनाने के लिए सामूहिक सहयोग का संकल्प लिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *