मेरठ में दो दिन तक आयोजित होने वाली पुलिस भर्ती की परीक्षा के लिए प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के 45 परीक्षा केंद्रों पर दो दिनों में 78,720 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी और नकल रोकने के लिए एआई, बायोमेट्रिक और रेटिना स्कैन जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा।
एसएसपी अविनाश पांडेय के अनुसार परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बड़े केंद्रों पर 57 और छोटे केंद्रों पर 40 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। ट्रेजरी से प्रश्नपत्र सीसीटीवी निगरानी में केंद्रों तक पहुंचाने का काम किा गया है। परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच होगी और परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले केंद्रों के गेट बंद कर दिए जाएंगे। नकल माफिया पर एसटीएफ की विशेष नजर रहेगी और इंटरनेट मीडिया पर पेपर लीक की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
परीक्षा में अभ्यर्थियों को केवल पेन, प्रवेश पत्र और आधार कार्ड ले जाने की अनुमति होगी। घड़ी, स्मार्ट वॉच, मोबाइल, ब्लूटूथ, पानी की बोतल, कैप और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही परीक्षा देने आने वालों को कोई परेशानी न हो इसके लिए सावर्जनिक स्थान जैसे मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों आदे पर हेल्प डेस्क भी बनाए गए हैं।


