श्याम मेले में श्याम भक्तों को राहत की तैयारी, दो दिन में तय होगी पार्किंग की दर

श्याम मेले में श्याम भक्तों को राहत की तैयारी, दो दिन में तय होगी पार्किंग की दर

सीकर. खाटूश्यामजी में पार्किंग के नाम पर 100 से 300 रुपए तक वसूलने के मामले में जिला प्रशासन ने फाल्गुनी मेले से पहले राहत देने की तैयारी कर ली है। राजस्थान पत्रिका में श्याम भक्तों का मुद्दा प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन ने राहत का एक्शन प्लान तैयार कर लिया है। जिला प्रशासन की ओर से दो दिन में पार्किंग शुल्क तय किया जाएगा। गौरतलब है कि राजस्थान पत्रिका में रविवार के अंक में पार्किंग के नाम भक्तों की जेल ढ़ीली होने का मामला प्रकाशित हुआ था। इसके बाद यूडीएच मंत्री ने कहा कि खाटूश्यामजी में नगर पालिका की सभी पार्किंग निशुल्क रहेगी। यहां यदि किसी तरह की अव्यवस्था होती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि निजी पार्किँगों के लिए भी दो दिन में प्रशासन की ओर से राशि तय कर ली जाएंगी। इसके बाद भी ज्यादा पार्किंग शुल्क वसूलने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएंगी। श्याम मेले के दौरान एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी को पार्किँग स्थलों की निगरानी का जिम्मा दिया गया है।

पार्किंग के नाम पर लूट की यह गड़बड़ी भी आ चुकी सामने

-खाटूश्यामजी मेले में पिछले साल प्रशासन ने ऑनलाइन पार्किंग शुल्क की व्यवस्था की थी। मेले के पहले दिन ही कई वाहन चालकों की पार्किंग के नाम दो से तीन बार शुल्क ले लिया। भक्तों ने जब कलक्टर-एसपी व मेला मजिस्ट्रेट को समस्या बताई तो पार्किंग ठेका रद्द कर दिया।

-खाटूश्यामजी में पिछले साल जलदाय विभाग की जमीन पर निजी लोगों ने पार्किंग स्टैण्ड बनाकर भक्तों से वसूली कर ली। शिकायत होने पर पुलिस ने कार्रवाई कर पार्किंग स्टैण्ड को बंद कराया।

आए दिन झगड़े, फिर भी तय नहीं हो सका पार्किंग शुल्क

खाटूश्यामजी व सालासर में पार्किंग के नाम पर 100 रुपए तक की वसूली की वजह से कई बार भक्त और पार्किंग संचालक आमने-सामने हो चुके है। कई बार झगड़े पुलिस तक भी पहुंच चुके है। इसके बाद भी मेला प्रबंधन समिति पार्किंग शुल्क तय नहीं कर सकी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *