लखनऊ के सैरपुर इलाके में एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। इस घटना के बाद महिला के परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की पहचान अनुष्का राजपूत के रूप में हुई है। वह बीकेटी क्षेत्र के रामपुर बेहड़ा में अपने ससुराल में रहती थी और मूल रूप से इंदिरानगर के सुगामऊ की निवासी थी। अनुष्का की शादी करीब एक वर्ष पहले शोभित से हुई थी। प्रसव के लिए लाए थे अस्पताल में परिजनों ने बताया कि गर्भवती होने के कारण अनुष्का को शनिवार सुबह प्रसव के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के दौरान अचानक उसकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सैरपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


