प्रदेश के स्वास्थ्य सेवाओं में प्रयागराज पहला स्थान:NHM के हेल्थ डैशबोर्ड में जनवरी 2026 में अव्वल, नवंबर और दिसंबर 2025 में था दूसरा स्थान

प्रदेश के स्वास्थ्य सेवाओं में प्रयागराज पहला स्थान:NHM के हेल्थ डैशबोर्ड में जनवरी 2026 में अव्वल, नवंबर और दिसंबर 2025 में था दूसरा स्थान

उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में प्रयागराज ने पहला स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत जनवरी 2026 के हेल्थ डैशबोर्ड की ताजा रैंकिंग में प्रयागराज प्रदेश के 75 जिलों में अव्वल साबित हुआ है। इससे पहले नवंबर और दिसंबर 2025 में जिला दूसरे स्थान पर रहा था। पड़ोसी जिला कौशाम्बी ने भी अपनी रैंकिंग सुधारते हुए नौवां स्थान प्राप्त किया है, जो नवंबर व जनवरी से बेहतर प्रदर्शन है। एनएचएम के 16 निर्धारित मापदंडों पर प्रयागराज का प्रदर्शन सराहनीय रहा। इनमें संस्थागत प्रसव, सिजेरियन प्रसव, बच्चों का टीकाकरण, परिवार नियोजन, टीबी मरीजों का नोटिफिकेशन, प्रति आशा भुगतान, स्टील बर्थ, आउट लेयर, स्वास्थ्य सुविधाओं की रिपोर्टिंग, गर्भवती महिलाओं की एचआईवी जांच, एचबीएलसी विजिट, आशा गृह भ्रमण, गर्भवती महिलाओं का हीमोग्लोबिन टेस्ट, प्रति हजार आबादी पर आशाओं की संख्या, डिलीवरी लोड के अनुपात में प्रसव इकाइयों की उपलब्धता तथा एसबीए प्रशिक्षित स्टाफ नर्स व एएनएम की संख्या शामिल हैं। कार्यक्रम प्रबंधक विनोद सिंह ने बताया कि इन सभी क्षेत्रों में जिला टीम ने उत्कृष्ट कार्य किया। जनपद स्तर पर मेजा पहला, हंडिया दूसरा, भगवतपुर तीसरा, होलागढ़ चौथा तथा शंकरगढ़ पांचवें स्थान पर रहे। वहीं, शहरी क्षेत्र का प्रदर्शन सबसे कमजोर रहा। मंडल स्तर पर प्रयागराज प्रदेश के 18 मंडलों में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। सीएमओ डॉ. एके तिवारी ने कहा कि प्रदेश में प्रयागराज का प्रथम स्थान बड़ी उपलब्धि है। पूरी टीम को बधाई। इस प्रदर्शन को बनाए रखना जरूरी है। इस सफलता से स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिली है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *