सीतापुर में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए कोडीन सिरप के अवैध क्रय-विक्रय के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसे जिले में कोडीन सिरप से जुड़े मामलों में दूसरी बड़ी गिरफ्तारी माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार यह मामला नैमिषारण्य कोतवाली क्षेत्र स्थित नैमिष धाम हॉस्पिटल एंड मेडिकल स्टोर से जुड़ा हुआ है, जहां नवंबर 2025 में पुलिस और संबंधित विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की थी। छापे के दौरान मेडिकल स्टोर से कोडीन सिरप की बिक्री से संबंधित कोई भी वैध अभिलेख या रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं किया जा सका, जिसके बाद स्टोर को सील कर मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में सामने आए अहम साक्ष्य मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को अहम साक्ष्य मिले, जिसके आधार पर शिवम कुमार पुत्र बदलू और सुरेश कुमार पुत्र श्रवण कुमार, दोनों निवासी नैमिषारण्य कोतवाली क्षेत्र, को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों की भूमिका कोडीन सिरप की अवैध खरीद और संभावित तस्करी से जुड़ी पाई गई है। नेटवर्क की जांच जारी पुलिस ने दोनों आरोपियों को संबंधित धाराओं में न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कोडीन सिरप की सप्लाई कहां से की जा रही थी और इस अवैध नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।


