प्रयागराज DM ने किया फूलपुर तहसील का औचक निरीक्षण:बार-बार अनुपस्थित मिले सब-रजिस्ट्रार पर कार्रवाई, DM ने रोका वेतन

प्रयागराज DM ने किया फूलपुर तहसील का औचक निरीक्षण:बार-बार अनुपस्थित मिले सब-रजिस्ट्रार पर कार्रवाई, DM ने रोका वेतन

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शनिवार को फूलपुर तहसील का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने तहसील परिसर के विभिन्न कार्यालयों और उप निबंधक (सब-रजिस्ट्रार) कार्यालय का निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सब-रजिस्ट्रार फूलपुर कार्यालय में मौजूद नहीं मिले। इस पर जिलाधिकारी ने उनका वेतन रोकने और स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। पहले भी निरीक्षण में उनके अनुपस्थित रहने की बात सामने आई थी। फाइलों के निस्तारण में ढिलाई पाए जाने पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी फूलपुर सहित अन्य अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, न्यायालय कक्ष और अभिलेखागार का निरीक्षण कर फाइलों के रख-रखाव, जनसुनवाई, पत्राचार और पुराने मामलों की स्थिति की समीक्षा की। कई कोर्ट में बड़ी संख्या में पुराने और लंबित मामले मिले। 3 से 5 साल से लंबित फाइलों पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी पुराने मामलों की नियमित सुनवाई कर उन्हें प्राथमिकता पर निस्तारित किया जाए। अंश निर्धारण, वरासत, धारा 32/38 और धारा 24 जैसे अविवादित मामलों को तुरंत निपटाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने अभिलेखों को व्यवस्थित रखने, ऑर्डर शीट क्रम से लगाने और पुराने दस्तावेजों की टेपिंग/बाइंडिंग कर सुरक्षित रखने को कहा। कार्यालय में अनुशासन बनाए रखने और कर्मचारियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर उपजिलाधिकारी जूही प्रसाद, जिला विकास अधिकारी जी.पी. कुशवाहा, तहसीलदार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *