अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3’ की कास्ट में प्रकाश राज शामिल हो गए हैं। एक्टर ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर यह जानकारी शेयर की। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले फिल्म से अक्षय खन्ना के बाहर होने की खबर के चलते यह चर्चा में थी। बता दें कि प्रकाश राज ने साफ किया कि वह किसी को रिप्लेस नहीं कर रहे हैं। प्रकाश राज ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया कि उन्होंने फिल्म के हिंदी वर्जन की शूटिंग शुरू कर दी है। उन्होंने इसे एक “एंगेजिंग फ्रेंचाइजी” बताया और एक शानदार टीम व दमदार किरदार के साथ जुड़ने की बात कही। उन्होंने यह भी साफ लिखा, “हां, मैं किसी को रिप्लेस नहीं कर रहा हूं।” यह अपडेट अक्षय खन्ना के फ्रेंचाइजी से बाहर होने की खबरों के बीच आया है। हाल ही में खबर आई थी कि ‘दृश्यम 2’ में उनकी शानदार परफॉर्मेंस के बावजूद खन्ना ने यह प्रोजेक्ट छोड़ दिया। खबर है कि तीसरे पार्ट में प्रकाश राज के लिए खास तौर पर एक नया किरदार लिखा गया है। फिल्म को अभिषेक पाठक डायरेक्ट कर रहे हैं, जिन्होंने इसका दूसरा पार्ट भी डायरेक्ट किया था। अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर का रोल निभाएंगे। कास्ट में तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव शामिल हैं। स्क्रीनप्ले अभिषेक पाठक, अमिल कियान खान और परवेज शेख ने लिखा है। फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को थिएटर में रिलीज होगी। गौरतलब है कि इस तारीख को फैंस अक्सर “दृश्यम डे” के तौर पर याद करते हैं। मलयालम वर्जन ‘दृश्यम 3’, जिसमें मोहनलाल लीड रोल में हैं और जिसका निर्देशन जीतू जोसेफ ने किया है, 2 अप्रैल को रिलीज होने की उम्मीद है।
फिल्म ‘दृश्यम 3’ में प्रकाश राज की एंट्री:एक्टर ने शूटिंग शुरू की; बोले- किसी को रिप्लेस नहीं कर रहा हूं


