सेमरियावां विकासखंड के भटपुरवा ग्राम सभा के प्रधान बरकत अली की रविवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बरकत अली अपने होटल रिलायंस से गांव लौट रहे थे। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र स्थित रैना पेपर मिल के पास क्रॉसिंग पार करने के बाद वह सड़क किनारे खड़े होकर मोबाइल से बात कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बलेनो कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए मर्चरी हाउस भेज दिया। पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 10 बजे कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है।


