जौनपुर के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक सड़क हादसे में खम्भौरा गांव के प्रधान रामजन्म यादव की मौत हो गई। यह घटना जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पास रात करीब 11 बजे हुई, जब एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, प्रधान रामजन्म यादव बाइक से शहर से अपने घर लौट रहे थे। पूर्वांचल विश्वविद्यालय चौकी के पास पहुंचते ही एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और कुचलते हुए फरार हो गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और अन्य लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे के बाद रामजन्म यादव को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की गहनता से जांच कर रही है। इस घटना से प्रधान के परिजनों में गहरा शोक है। परिजनों ने आशंका व्यक्त की है कि यह दुर्घटना किसी साजिश का परिणाम हो सकती है। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है। मृतक रामजन्म यादव अपने मिलनसार स्वभाव और सामाजिक कार्यों के लिए जाने जाते थे। वह लोगों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते थे और निजी तौर पर लोगों का इलाज भी करते थे। अपनी सेवा भावना के कारण वह कई बार ग्राम प्रधान चुने गए थे।


