सोनभद्र में ट्रांसफार्मर बदलने के दौरान गलती से विद्युत आपूर्ति शुरू होने के कारण एक संविदा कर्मी की दर्दनाक मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि मृतक लाइनमैन ट्रांसफार्मर बदलने के लिए खंभे पर चढ़ा थे और इस दौरान शटडाउन भी लिया गया था, लेकिन अचानक से विद्युत आपूर्ति चालू कर दी गई है। इसके बाद वह झुलस गए।
अचानक शुरू हुई 11000 वोल्ट की पवार सप्लाई
जानकारी के मुताबिक, लोहोटा गांव में ट्रांसफार्मर लगाने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान बिजली विभाग में संविदा कर्मी के रूप में तैनात लाइनमैन संतोष कुमार ट्रांसफार्मर बदल रहे थे। इस दौरान पावर हाउस से शटडाउन लिया गया था, लेकिन अचानक ही 11000 वोल्ट की पावर सप्लाई शुरू कर दी गई। इसके बाद शॉर्ट सर्किट हुआ और संतोष आग से घिर गए।
सहकर्मियों ने दोबारा लिया शटडाउन
संतोष को आग की लपटों से घिरा देख साथी कर्मियों ने तुरंत पावर हाउस में फोन करके शटडाउन लिया और उन्हें बचाने की कोशिश करने लगे। गंभीर हालत में उन्हें नीचे उतारा गया और काशी हिंदू विश्वविद्यालय के ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही संतोष ने दम तोड़ दिया।
गांव में ही रहते थे मृतक लाइनमैन
बताया जा रहा है कि संतोष कई वर्षों से बिजली विभाग में संविदा कर्मी के रूप में तैनात थे। संतोष के दो बेटे हैं और वह अपनी पत्नी और परिवार के साथ गांव में ही रहते थे। घटना के बाद अन्य सहकर्मियों ने विभाग पर लापरवाही और अनदेखी का आरोप लगाया है।


