अजमेर में लघु कुक्कुट किसान संघर्ष समिति राजस्थान के पदाधिकारियों और पोल्ट्री फार्म संचालकों ने बिजली विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। अपनी मांगों को लेकर आक्रोशित किसानों ने अजमेर डिस्कॉम मुख्यालय पहुंचकर विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने सिंगल फेज पोल्ट्री कनेक्शन धारक किसानों को पूर्व की तरह एग्रीकल्चर श्रेणी में ही बनाए रखने और ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर की जा रही कथित अवैध बकाया वसूली पर रोक लगाने की मांग उठाई। प्रदर्शन कर रहे पोल्ट्री फार्म संचालकों का कहना है कि पहले उनके बिजली कनेक्शन एग्रीकल्चर श्रेणी में थे, जिससे उन्हें सीमित और किफायती बिल मिलता था। लेकिन अब विभाग ने इन कनेक्शनों को बदलकर कमर्शियल (एनडीएस) श्रेणी में डाल दिया है, जिससे बिजली बिल में भारी बढ़ोतरी हो गई है। जहां पहले हजारों रुपये का बिल आता था, वहीं अब लाखों रुपये के बिल थमाए जा रहे हैं, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ रहा है।
संचालकों ने यह भी आरोप लगाया कि करीब 9 साल पहले श्रेणी परिवर्तन के नाम पर अब पुराने बकाया की भी रिकवरी की जा रही है। कई पोल्ट्री फार्म संचालकों पर 3 लाख से लेकर 7 लाख रुपये तक की बकाया राशि बताई जा रही है, जिससे वे आर्थिक रूप से टूटने की कगार पर पहुंच गए हैं।
विरोध कर रहे किसानों का कहना है कि विभाग द्वारा बकाया जमा नहीं करने पर लगातार विद्युत कनेक्शन काटे जा रहे हैं। ऐसे में भीषण गर्मी के चलते पोल्ट्री फार्म में पाली जा रही मुर्गियों की मौत हो रही है, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
आक्रोशित किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर राहत दिलाने की मांग की है। …………… पढें ये खबर भी… राजस्थान बोर्ड-10वीं रिजल्ट, इस बार 3 सब्जेक्ट में री-चेकिंग:जानिए-कौन-कौन से सब्जेक्ट, कैसे होगा आवेदन, कितनी रहेगी फीस राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार को माध्यमिक, माध्यमिक व्यवसायिक एवं प्रवेशिका परीक्षा-2026 का रिजल्ट जारी कर दिया। संवीक्षा एवं उत्तर-पुस्तिका की स्केन फोटो प्रति प्राप्त करने के लिए 31 मार्च तक आवेदन किया जा सकता है। वहीं री-चेकिंग की सुविधा इस बार गणित के साथ विज्ञान व अंग्रेजी विषय में भी शुरू की गई है। पूरी खबर पढें


