सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो डालकर रौब दिखाना इंदरगढ़ के एक युवक को महंगा पड़ गया। दतिया के इंदरगढ़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार किया। मामले में हथियार का लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हुई थी, जिसमें इंदरगढ़ क्षेत्र का रहने वाला मोहित कमरिया अपने हाथ में राइफल लिए नजर आ रहा था। फोटो में उसके साथ खड़ा युवक अनुज तिवारी बताया जा रहा है, जिसके नाम पर राइफल का लाइसेंस दर्ज है। फोटो सामने आते ही पुलिस ने संज्ञान लिया और जांच शुरू की। थाना रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि राइफल अनुज तिवारी के नाम लाइसेंसी है, जबकि फोटो में मोहित कमरिया उसे हाथ में लिए दिखाई दे रहा है। इसके बाद पुलिस ने मोहित कमरिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक कान पकड़कर अपनी गलती मानते नजर आ रहा है। पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। साथ ही लाइसेंसी हथियार के दुरुपयोग को लेकर राइफल के लाइसेंस को निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कानूननि अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।


