झाबुआ के पेटलावद में 18 मार्च को एक भव्य सुंदरकांड प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। स्वर्गीय मंगल भट्ट की स्मृति और हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में होने वाली इस प्रतियोगिता के लिए श्री बजरंग रामायण मंडल के सदस्यों ने गुरुवार रात पोस्टर का विमोचन किया। यह ‘पंचम भव्य सुंदरकांड प्रतियोगिता’ बामनिया रोड स्थित सुंदर मैरिज गार्डन में शाम 7 बजे से शुरू होगी। आयोजकों के अनुसार, इस धार्मिक आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों की प्रतिष्ठित मंडलियां अपनी प्रस्तुतियां देंगी, जिससे पेटलावद की धरती पर भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। गुजरात, राजस्थान की मंडलियां करेंगी सुंदरकांड प्रस्तुति इस महाकुंभ में गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश के विख्यात मंडल शिरकत करेंगे। इनमें श्री सनमुख सुंदरकांड परिवार (सुखसर, गुजरात), श्री प्रेम म्यूजिकल ग्रुप (सुठालिया), श्री लवकुश बंधु भक्ति मंडल (बिजयनगर, अजमेर), श्री हरि सुंदरकांड मंडल (प्रतापगढ़), श्री रामदास रामायण मंडल (अलीराजपुर) और श्री महाकाल म्यूजिकल ग्रुप (धामनोद) शामिल हैं। कार्यक्रम की विशेष शुरुआत ग्वालियर के प्रसिद्ध सुंदरकांड वक्ता और लेखक श्री अंकित जी शर्मा की ओर से गणेश वंदना एवं हनुमान चालीसा की प्रस्तुति से होगी। प्रतियोगिता में विजेताओं को मिलेगा नकद पुरस्कार प्रतियोगिता में विजेताओं के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार रखे गए हैं। प्रथम पुरस्कार 22,222 रुपए स्वर्गीय श्री मिठालालजी नंदलालजी अग्रवाल की स्मृति में दिया जाएगा। द्वितीय पुरस्कार 15,555 रुपये स्वर्गीय मोहनलालजी चोयल की स्मृति में राजू आशापुरा मोबाइल की ओर से, तृतीय पुरस्कार 11,111 रुपए स्वर्गीय डॉ. देवेंद्र प्रसादजी भट्ट की स्मृति में, चतुर्थ पुरस्कार 7,777 रुपए स्वर्गीय रघुवीरसिंहजी गौड़ की स्मृति में दिया जाएगा। पंचम पुरस्कार 6,666 रुपए स्वर्गीय पुरुषोत्तमजी सामवेदी की स्मृति में राम दरबार की ओर से एवं षष्ठम पुरस्कार 5,555 रुपए स्वर्गीय विजयजी देवड़ा की स्मृति में प्रदान किया जाएगा। महिलाओं के लिए बैठने की अलग व्यवस्था की गई आयोजन समिति ने भक्तों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा है। महिलाओं के लिए बैठने की अलग व्यवस्था की गई है। साथ ही कार्यक्रम में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए स्वल्पाहार और भोजन का प्रबंध भी किया गया है। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में सुंदर मैरिज गार्डन, श्री राम डीजे, श्री राम एलईडी, पड़ियार डिजिटल स्टूडियो, झलक फोटो स्टूडियो, ऋषि मुलेवा एवं श्री दुर्गाधाम परिवार तथा पाटीदार ट्रैक्टर्स का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है।


