बुरहानपुर के स्व. नंदकुमार सिंह चौहान जिला अस्पताल में लंबे समय से खराब पड़ी लिफ्ट को मरम्मत के बाद फिर से चालू कर दिया गया है। इससे मरीजों, विशेषकर दिव्यांगों और बुजुर्गों, तथा उनके अटेंडरों को ऊपरी मंजिलों पर आने-जाने में हो रही परेशानी से राहत मिली है। अस्पताल प्रबंधन ने इस समस्या का संज्ञान लेते हुए रविवार को बाहर से तकनीशियन बुलाकर लिफ्ट की मरम्मत करवाई। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद रविवार से लिफ्ट सुचारू रूप से काम कर रही है। सिविल सर्जन डॉ. दर्पण टोके ने बताया कि लिफ्ट शुरू होने से सर्जिकल, मेडिकल और ओटी (ऑपरेशन थिएटर) वाले मरीजों को काफी सुविधा होगी। उन्होंने विशेष रूप से दिव्यांगजनों और बुजुर्गों के लिए इसे बड़ी राहत बताया। यह पहली बार नहीं है जब जिला अस्पताल की लिफ्ट खराब हुई हो। अक्सर तकनीकी खराबी के कारण बंद हो जाती है, जिससे मरीजों को, खासकर बुजुर्गों और महिला मरीजों को, काफी असुविधा होती है। पहले अस्पताल छोटा था और उसमें लिफ्ट नहीं थी, लेकिन कुछ साल पहले कलेक्ट्रेट रोड पर लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से नया अस्पताल बनाया गया, जिसमें मरीजों की सुविधा के लिए लिफ्ट भी लगाई गई थी। सिविल सर्जन ने आश्वासन दिया कि अस्पताल प्रशासन यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेगा कि यह सुविधा निरंतर उपलब्ध रहे। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में कोई खराबी आती है, तो उसे तत्काल दुरुस्त करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।


