सेमरिया-धारकुंडी मार्ग का घटिया निर्माण:एसडीओ ने लगाई रोक, मुख्य अभियंता ने तलब की रिपोर्ट

सेमरिया-धारकुंडी मार्ग का घटिया निर्माण:एसडीओ ने लगाई रोक, मुख्य अभियंता ने तलब की रिपोर्ट

सतना जिले के धारकुंडी से रीवा जिले की सेमरिया को जोड़ने वाली सड़क के नवीनीकरण में गंभीर खामियां सामने आई हैं। इस सड़क का निर्माण कर रही ठेकेदार कंपनी शुभ कंस्ट्रक्शन पर घटिया सामग्री इस्तेमाल करने और मानकों की अनदेखी करने के आरोप लगे हैं। सड़क की खराब गुणवत्ता को देखकर स्थानीय लोगों ने विरोध भी शुरू कर दिया है। मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचते ही मझगवां के एसडीओ ने मौके पर पहुंचकर घटिया निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगा दी। जांच के दौरान पाया गया कि सड़क निर्माण में ओजीपीएस और सीलकोट की गुणवत्ता बेहद खराब है। सड़क की पटरी भी तय मानकों के अनुसार नहीं बनाई गई थी। इसके चलते करीब आधा किलोमीटर सड़क को उखाड़कर दोबारा निर्माण कराने के निर्देश दिए गए हैं। 14 किलोमीटर में बननी है सड़क शुभ कंस्ट्रक्शन को सेमरिया–धारकुंडी मार्ग के 14 किलोमीटर डामर नवीनीकरण का ठेका मिला है। अनुबंध क्रमांक 47/मझगवां/2024-25 के तहत काम शुरू किया गया था। अधिकारियों ने ठेकेदार को निर्देश दिए हैं कि दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कर उसकी फोटो और रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। मुख्य अभियंता ने मांगी तकनीकी रिपोर्ट लोक निर्माण विभाग रीवा परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता केके लच्छे ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने शहडोल संभाग के अधीक्षण यंत्री और लैब के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मझगवां उप-संभाग में चल रहे सभी कार्यों की तकनीकी जांच की जाए। दो दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा गया है। हर सड़क से कम से कम तीन सैंपल लेकर गुणवत्ता की जांच की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि शुभ कंस्ट्रक्शन द्वारा बनाई जा रही अन्य सड़कों, जैसे सरभंगा-बिछियन मार्ग, में भी घटिया काम हो रहा है। आरोप है कि कई जगह मिट्टी में पाइप रखकर सिर्फ रंग-रोगन कर पुलिया दिखा दी गई है। हालांकि इस सड़क पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने मांग की है कि सभी निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *