Sneha Ullal Expresses Frustration Over Violence: सलमान खान के साथ फिल्म ‘लकी: नो टाइम फॉर लव’ से चर्चा में आईं अभिनेत्री स्नेहा उल्लाल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर साझा किया गया एक भावुक और गुस्से से भरा वीडियो है, जिसमें उन्होंने देश में बढ़ती हिंसा, यौन अपराधों और पशु क्रूरता को लेकर अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की है। अभिनेत्री का ये वीडियो 26 जनवरी को सामने आया, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है।
इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा करके जताई नाराजगी (Sneha Ullal Expresses Frustration Over Violence)
स्नेहा उल्लाल ने इंस्टाग्राम पर कई वीडियो साझा करते हुए खुद को एक दुखी और हताश नागरिक बताया। उन्होंने लिखा कि देश में जो कुछ हो रहा है, उसे देखकर दिल टूट जाता है। उनके मुताबिक, सोशल मीडिया खोलते ही हर तरफ जानवरों के साथ अत्याचार, महिलाओं के खिलाफ अपराध और राजनीतिक बयानबाजी की खबरें दिखाई देती हैं, जो मानसिक रूप से परेशान करने वाली हैं।
अपराध करने वाले घूम रहे हैं- स्नेहा
वीडियो में स्नेहा ने बेहद कड़े शब्दों में कहा कि अपराध करने वाले खुलेआम सड़कों पर घूम रहे हैं और उन्हें सजा मिलने के बजाय सिर्फ औपचारिक कार्रवाई तक ही मामला सीमित रह जाता है। उन्होंने ये भी इशारा किया कि अक्सर एफआईआर दर्ज होने के बाद ठोस कार्रवाई नहीं होती, जिससे अपराधियों के हौसले और बढ़ जाते हैं। अभिनेत्री का मानना है कि जब तक सख्त सजा और जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक हालात नहीं बदलेंगे।
पशु क्रूरता पर एक्ट्रेस का गुस्सा
उनकी नाराजगी का सबसे बड़ा हिस्सा पशु क्रूरता, खासकर आवारा कुत्तों के साथ हो रही हिंसा को लेकर था। स्नेहा ने कहा कि उन्हें ये देखकर हैरानी होती है कि समाज में जानवरों से नफरत करने वाले लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि भारत सिर्फ इंसानों का नहीं, बल्कि जानवरों का भी देश है। अगर किसी कुत्ते से समस्या है, तो उसके लिए कानून और सिस्टम मौजूद है, लेकिन उसे जलाना, जहर देना या जिंदा दफनाना किसी भी हाल में सही नहीं ठहराया जा सकता।
नेताओं-सुप्रीम कोर्ट पर भी साधा निशाना
अभिनेत्री ने ये भी कहा कि उन्हें एक आक्रामक कुत्ते से ज्यादा ऐसे लोगों से डर लगता है, जो जानवरों के साथ बेरहमी से पेश आते हैं। उनके अनुसार, ऐसे लोग समाज के लिए खतरा हैं। इंस्टाग्राम स्टोरी में उन्होंने नेताओं और सुप्रीम कोर्ट जैसे संस्थाओं पर भी निशाना साधते हुए लिखा कि देश को जोड़ने के बजाय लोगों को बांटा जा रहा है, जिससे नफरत और हिंसा को बढ़ावा मिल रहा है।

स्नेहा उल्लाल के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। कई लोग उनके साहस की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ लोग उनके बयानों को लेकर असहज भी नजर आए। लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि अभिनेत्री ने उन मुद्दों पर बात की है, जिन पर अक्सर आम लोग गुस्से और बेबसी के बीच फंसे रहते हैं।
स्नेहा उल्लाल का करियर
अगर स्नेहा उल्लाल के करियर की बात करें तो उन्होंने 2005 में बॉलीवुड में कदम रखा और बाद में हिंदी के साथ-साथ तेलुगु फिल्मों में भी काम किया। हाल ही में वो तेलुगु फिल्म ‘नीलकंठा’ में नजर आई थीं। भले ही वो लंबे समय से मुख्यधारा की फिल्मों से दूर हों, लेकिन इस वीडियो के जरिए उन्होंने ये साफ कर दिया है कि सामाजिक मुद्दों पर अपनी आवाज उठाने से पीछे नहीं हटेंगी।


