राजधानी में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। रायपुर पुलिस की सरप्राइज चेकिंग में एक ही रात में 129 शराब पीकर वाहन चलाने वाले ड्राइवर पकड़ में आए। पुलिस ने न केवल इनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की, बल्कि कई मामलों में वाहन सीज कर नशे में धुत चालकों को पैदल घर भेजा गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है, कि शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सात प्वाइंटों पर अफसरों ने की जांच पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) विकास कुमार के निर्देश पर 5 अप्रैल की रात शहर के सात प्रमुख स्थानों पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात थाना प्रभारियों और स्टाफ की टीम ने ब्रीथ एनालाइजर के जरिए जांच की, जिसमें 129 चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए। सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई और उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। 1853 नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ अब तक एक्शन पुलिस के मुताबिक, इस साल जनवरी से अब तक 1853 नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। प्रत्येक मामले में कोर्ट द्वारा न्यूनतम 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही कई मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अभियान के दौरान पुलिस ने सख्त संदेश दिया कि शराब पीकर वाहन चलाना किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने साफ किया कि ड्रंक एंड ड्राइव न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह खुद चालक और अन्य लोगों के जीवन के लिए गंभीर खतरा है। इसलिए आगे भी ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


