नीमच शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत कनावटी में देवनारायण मंदिर के पास शनिवार देर रात एक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे दो लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और कथित तौर पर पुलिसकर्मियों की संलिप्तता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में सवार दो व्यक्तियों ने शराब पी रखी थी और उन्होंने बाइक को टक्कर मारी। उनका कहना है कि कार सवार दोनों व्यक्ति पुलिस से जुड़े हुए थे और नशे की हालत में वाहन चला रहे थे। निर्माणधीन सड़क पर मिट्टी होने के कारण तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बाइक से टकराई और पलट गई। घायलों की पहचान अतुल्ला खा पिता अस्मत पहलवान और सोहेल के रूप में हुई है। उन्हें 108 एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय ले जाया गया। कैंट पुलिस ने बताया कि कनावटी में दुर्घटना हुई है और जिला चिकित्सालय से रिपोर्ट मिलने के बाद घायलों की स्थिति और उनके बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल फरार कार सवारों की तलाश कर रही है और इस मामले में पुलिसकर्मियों की संभावित भूमिका की भी जांच की जा रही है। घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। यह घटना करीब डेढ़ माह पूर्व जावद थाने में पदस्थ उप निरीक्षक मनोज यादव द्वारा शराब के नशे में कार से बाइक सवार को टक्कर मारने की याद दिलाती है, जिसमें एक शिक्षक की मौत हो गई थी, जबकि उनकी पत्नी और दो बच्चे घायल हुए थे।


