मध्यप्रदेश के नीमच में रविवार रात करीब 10 बजे सड़क हादसे में पुलिस लाइन में पदस्थ जवान की मौत हो गई। यह घटना सिटी थाना क्षेत्र के रेवली-देवली के पास हुई। मृतक की पहचान उज्जैन के महानंदा नगर निवासी निखिलेश (46) पिता नारायण सिंह राजपूत के रूप में हुई है। निखिलेश अपनी स्विफ्ट कार (एमपी 14 सीबी 3021) से मनासा से नीमच आ रहे थे। इसी दौरान रेवली-देवली के पास एक तेज रफ्तार कंटेनर (एमपी 13 एच 0817) ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एडिशनल एसपी अस्पताल पहुंचे, घटना की जानकारी मिलने पर एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया, सीएसपी किरण चौहान, डीएसपी निकिता सिंह और केंट थाना प्रभारी निलेश अवस्थी सहित कई पुलिस अधिकारी जिला चिकित्सालय पहुंचे। निखिलेश वर्तमान में पुलिस लाइन में पदस्थ थे और इससे पहले जावद एसडीओपी के वाहन चालक के रूप में भी सेवाएं दे चुके थे। सोमवार सुबह मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


