सिवनी शहर में सार्वजनिक स्थलों पर खुलेआम शराब पीने वालों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में दबिश दी, जिसमें शराब पीने वालों के साथ-साथ दुकानदारों को भी सख्त हिदायत दी गई। पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि वारा पत्थर, भैरोगंज, शुकवारी चौक, छिंदवाड़ा चौक और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कुछ लोग शराब का सेवन कर रहे थे। तीज-त्योहारों के दौरान ऐसी गतिविधियों से शहर का माहौल खराब हो रहा था और आम नागरिकों को परेशानी हो रही थी। पुलिस ने शराबियों को पकड़कर समझाइश दी इन्हीं शिकायतों के आधार पर कोतवाली पुलिस ने रात्रि में विशेष गश्ती अभियान चलाया। पुलिस की दबिश से मौके पर मौजूद शराबियों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग भाग निकले, जबकि कुछ को पुलिस ने पकड़कर सख्त चेतावनी दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना कानूनन अपराध है। टीआई ने शराब दुकानदारों को भी निर्देश दिए कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि खुले में शराब पीते पाए गए लोगों को सख्त हिदायत दी गई है। साथ ही, शराब दुकानदारों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी दुकानों के सामने या आसपास किसी को भी शराब पीने की अनुमति न दें और ऐसी स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस की इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में भय का माहौल है। कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर की कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थलों पर शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


