चंदौली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका:खराब कानून व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन, एसपी के इस्तीफे की मांग

चंदौली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका:खराब कानून व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन, एसपी के इस्तीफे की मांग

चंदौली जिला मुख्यालय पर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खराब कानून व्यवस्था के विरोध में जुलूस निकाला। कांग्रेस कार्यालय से कुछ ही दूरी पर भारी पुलिस बल ने बैरिकेडिंग लगाकर कार्यकर्ताओं को रोक दिया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और पुलिसकर्मियों से बहस हुई। लगभग आधे घंटे की बातचीत के बाद, कार्यकर्ताओं ने सदर सीओ देवेंद्र कुमार को अपना ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने खराब कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) आदित्य लांग्हे के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि कानून व्यवस्था में सुधार नहीं होता है, तो एसपी को इस्तीफा दे देना चाहिए। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कहा कि पिछले दो माह में जनपद की कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई है। उन्होंने मुगलसराय में रोहितास पाल की हत्या और छह वर्षीय बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म व हत्या जैसे मामलों का उदाहरण दिया। मुन्ना ने बताया कि इन्हीं मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता शांतिपूर्वक एसपी कार्यालय पर ज्ञापन देने जा रहे थे, लेकिन कई थानों की पुलिस और पीएसी की टीम ने उन्हें बलपूर्वक रोक लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में आम आदमी की आवाज उठाना मुश्किल हो गया है, जिसके चलते पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोका। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण कुमार द्विवेदी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा संघर्ष किया है। उन्होंने पुलिस से कानून व्यवस्था सुधारने का आग्रह किया और आरोप लगाया कि पुलिस अपराधियों को पकड़ने के बजाय कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने में अधिक रुचि ले रही है। इस दौरान मधु राय, माधवेंद्र मूर्ति ओझा, शिवेंद्र मिश्रा, रजनीकांत पांडेय, बृजेश गुप्ता, सतीश बिंद, रामानंद और मुनीर खान सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *