कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता से ऑटो में छूटा एक यात्री का बैग बरामद कर उसे सुरक्षित वापस कर दिया गया। बैग में कपड़े और नकदी रखी थी। सामान सही सलामत मिलने पर यात्री ने पुलिस का आभार व्यक्त किया और उनके काम की सराहना की। कुछ घंटों में बैग खोजकर लौटाया
जालौन जिले के अकबरपुर इटौरा थाना क्षेत्र निवासी महेश कुमार पुत्र हरेंद्र सिंह किसी जरूरी काम से कानपुर आए थे। वह टिकरा से एक ऑटो में बैठकर चुंगी तिराहे तक पहुंचे। यहां उतरते समय उनका बैग ऑटो में ही छूट गया। यात्री के उतरने के बाद ऑटो चालक वहां से आगे बढ़ गया। कुछ देर बाद महेश कुमार को अपने बैग के ऑटो में छूट जाने का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने तुरंत पनकी रोड चौकी पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी पनकी रोड विपिन कुमार मोरल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई। कैमरों की मदद से संबंधित ऑटो की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने ऑटो चालक का पता लगाकर उससे संपर्क किया और बैग बरामद कर लिया। पुलिस ने महेश कुमार को चौकी बुलाकर उनका बैग सौंप दिया। बैग खोलकर देखने पर महेश कुमार ने बताया कि उसमें पांच साड़ियां, सात सूट और करीब पांच हजार रुपये नकद रखे थे, जो सुरक्षित मिले। कल्याणपुर थाना प्रभारी ने बताया कि 112 के माध्यम से सूचना मिली थी। स्थानीय ऑटो चालकों से पूछताछ कर चालक का पता लगाया गया और बैग बरामद कर यात्री को सौंप दिया गया।


