बड़वानी जिले के रेहगुन गांव में कुछ युवकों द्वारा सोशल मीडिया पर तलवार और चाकू लहराते हुए वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। हाल ही में इन युवकों ने दिनदहाड़े एक ठेकेदार की कार में तोड़फोड़ भी की थी। रेहगुन के नैश मोहल्ले के कुछ युवकों के पुराने वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से पोस्ट हो रहे हैं। इन वीडियो में युवक अपनी सोशल मीडिया आईडी पर तलवार और चाकू लहराते हुए दिख रहे हैं और लोगों को धमका रहे हैं। ताजा घटना तब सामने आई जब तीन युवकों ने बड़वानी निवासी ठेकेदार दीपक जोशी को रेहगुन क्षेत्र में बीच सड़क पर रोक लिया। दीपक जोशी अपनी कार से पैन संभल की ओर जा रहे थे। युवकों ने पहले उनसे गाली-गलौज की और फिर मामूली विवाद को लेकर उनकी कार पर पत्थर फेंककर नुकसान पहुंचाया। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई। घटना के बाद सोशल मीडिया पर युवकों द्वारा चाकू और तलवार लहराते हुए बनाई गई रील भी पोस्ट हो गई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी। रेहगुन, सजवानी क्षेत्र के हैं निवासी कोतवाली थाना पुलिस के बलजीत बिसेन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू की गई। पुलिस को एक वीडियो भी मिला, जिसमें रेहगुन, सजवानी और आसपास के आमलियापानी क्षेत्र के कुछ युवक चाकू और तलवार लहराते हुए नजर आ रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने लगभग 20 जवानों की टीम के साथ संबंधित युवकों के घरों पर दबिश दी। एक गिरफ्तार, दूसरे फरार कार्रवाई के दौरान एक युवक को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपी पुलिस को भनक लगने के बाद फरार हो गए। पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और ग्रामीणों से अपील की है कि वे इस तरह की हरकतें या सोशल मीडिया पर आक्रामक रील बनाकर कानून व्यवस्था को प्रभावित न करें। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। फरार युवकों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द ही पकड़कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


