पलवल जिले में उटावड़ थाना पुलिस ने उटावड़-शिकरावा रोड पर एक अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और तैयार पटाखे बरामद किए हैं। इस संबंध में उटावड़ थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी
थाना प्रभारी रेणू शेखावत ने बताया कि एएसआई महेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम उटावड़ चौक पर मौजूद थी, तभी टीम को गुप्त सूचना मिली कि उटावड़-शिकरावा रोड पर जीरा रोड़ी प्लांट के पास एक टीन शेड में बिना लाइसेंस के बच्चों के माचिस पटाखे बनाए जा रहे हैं और उनकी सप्लाई की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की। रंगे हाथों पकड़ा गया आरोपी
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक युवक को मौके पर पटाखे बनाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान शामली (उत्तर प्रदेश) निवासी जोनी के रूप में हुई। आरोपी ने बताया कि इस काम का मालिक भी शामली (यूपी) निवासी चीनू है। पुलिस द्वारा लाइसेंस मांगे जाने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। मौके से बरामद हुआ विस्फोटक सामान
पुलिस जांच में मौके से दो प्लास्टिक के कट्टों में 39 किलो 570 ग्राम कोयला, एक प्लास्टिक कट्टे में 22 किलो 680 ग्राम पोटाश और तीन पेटियों में 33 किलो 410 ग्राम तैयार पटाखे बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ रिहायशी इलाके के पास खुले में रखना आम जनमानस की जान-माल के लिए बेहद खतरनाक हो सकता था। दोनों आरोपियों पर केस दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने बरामद विस्फोटक सामग्री को कब्जे में लेकर सील कर दिया है। आरोपी जोनी और मालिक चीनू के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उटावड़ थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फैक्ट्री के नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।


