दुर्ग पुलिस ने बुधवार की रात को शहरभर में एक साथ अलग-अलग ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 35 से अधिक टीमों का गठन कर एक साथ विभिन्न इलाकों में रेड अभियान चलाया गया। इस दौरान गांजा सेवन में उपयोग होने वाले ‘गोगो/रोलिंग पेपर’, चिलम, हुक्का फ्लेवर और प्रतिबंधित जर्दायुक्त पान मसाला की अवैध बिक्री पर कार्रवाई की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि दुर्ग शहर के कई पान ठेले, गुमटियां और डेली नीड्स दुकानों पर युवाओं को आकर्षित करने के लिए नशे से जुड़ी सामग्री खुलेआम बेची जा रही थी। संयुक्त टीमों ने नियमानुसार तलाशी लेकर करीब 2 लाख रुपये मूल्य की भारी मात्रा में रोलिंग पेपर, हुक्का फ्लेवर, चिलम और प्रतिबंधित पान मसाला जब्त किया। शैक्षणिक संस्थानों के आस-पास ज्यादा फोकस
पुलिस ने शैक्षणिक संस्थानों के आसपास और सार्वजनिक स्थलों पर COTPA Act के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित दुकानों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की। इसके तहत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के अंतर्गत इस्तगासा प्रस्तुत कर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई। पुलिस ने यह भी बताया कि जब्त सामग्री की सप्लाई चेन यानी बैकवर्ड लिंकेज की जानकारी जुटा ली गई है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी आगामी दिनों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई
छापेमार कार्रवाई के दौरान मोहन नगर क्षेत्र से 8, स्मृतिनगर से 5, नेवई से 2 और दुर्ग क्षेत्र से 1 दुकान/ठेला चिन्हित किया गया। पुलिस ने कुल 17 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें अभिनंदन सिंह, सौरभ गहलोत, चित्रांश साहू उर्फ सोनू, विजेश बारवे, देवेन्द्र भोसले, शंकर लाल बंछोर, संजय कुमार बडानी, लोकेश साहू, कुशाल प्रजापति, अर्जुन यादव, राजकुमार महोबिया, राजेश द्विवेदी, मनोज चौहान, त्रिवेणी साहू, लक्की चंदानी, भगवान साहू और विमल जसवानी शामिल हैं। जब्त सामग्री में बड़ी मात्रा में ‘गोगो/रोलिंग पेपर’, हुक्का फ्लेवर, चिलम और प्रतिबंधित जर्दायुक्त पान मसाला शामिल है।


