रोहतक के गांव खरावड़ के पास एक गाड़ी लावारिस हालत में खड़ी मिली, जिसके पास खून पड़ा हुआ था। साथ ही गोलियों के खाली खोल भी पड़े हुए थे। लेकिन गाड़ी सवार व्यक्ति गायब था। गाड़ी सवार व्यक्ति की हत्या कर शव गायब किया या जिंदा ही उसका अपहरण किया गया, यह एक पहेली बनी हुई है, जिसे सुलझाने में पुलिस के पसीने छुट रहे हैं। पुलिस को मिली गाड़ी गांव खेड़ी साध निवासी सत्यवान के नाम पर है, जो हत्या के मामले में जेल में बंद था और करीब ढाई साल पहले जमानत पर बाहर आया था। गाड़ी सड़क किनारे खड़ी थी, जिसके अंदर व बाहर खून पड़ा था और गोलियों के खोल पड़े हुए थे। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि गोलियां मारकर किसी की हत्या की गई है, लेकिन कोई शव बरामद नहीं हुआ। 2018 में धर्मेंद्र नामक व्यक्ति की हुई थी हत्या
गाड़ी का मालिक सत्यवान हत्या के मामले में सजा काट रहा था और ढाई साल पहले ही जमानत पर बाहर आया था। सत्यवान ने 2018 में धर्मेंद्र की हत्या की थी, जिसके बाद से दोनों परिवारों के बीच रंजिश चल रही है। इसी मामले में सत्यवान जेल में सजा काट रहा था। काला राठी गैंग द्वारा जिम्मेदारी लेने से उलझी पुलिस
सत्यवान के गायब होने के मामले में काला राठी उर्फ सुंदर राठी नामक व्यक्ति का फेसबुक पर मैसेज चर्चा का विषय बना हुआ है। काला राठी ने लिखा कि सत्यवान की उन्होंने हत्या कर दी है और उसका शव भी नहीं देंगे। जो भी उनके दुश्मन है, वह भी तैयार रहे। समय लग सकता है, लेकिन माफी नहीं, सबका नंबर आएगा। काला राठी द्वारा की गई इस पोस्ट के बाद से पुलिस अलर्ट नजर हो गई है। पुलिस हर संदिग्ध स्थानों पर दबिश दे रही है। इसके लिए पुलिस की कई टीमें काम कर रही है, लेकिन पुलिस के हाथ अब भी खाली है। पुलिस काला राठी के मैसेज से लेकर पुरानी रंजिश के एंगल भी जांच कर रही है। एसपी से मुलाकात कर सत्यवान को खोजने की मांग की
सत्यवान के परिजनों ने एसपी सुरेंद्र भौरिया से मुलाकात करते हुए सत्यवान को खोजने की मांग की। मां धनपति का कहना है कि बेटे को पेपर दिलाने के लिए खरखौदा छोड़कर आया। उसके बाद कोर्ट में गया। कोर्ट से लौटकर घर आ रहा था, लेकिन रास्ते से ही गायब हो गया। सत्यवान जिंदा है नहीं, उन्हें नहीं पता। पुलिस सत्यवान को जल्द से जल्द ढूंढ कर लाए। पुलिस मामले को सुलझाने में लगी
एएसपी प्रतीक अग्रवाल का कहना है कि उन्हें एक गाड़ी के पास खून व गोलियों के खोल मिले थे। गाड़ी सत्यवान के नाम पर है। सत्यवान के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। इस मामले में किसी गैंग का लिंक नहीं मिला है। पुरानी रंजिश वाले एंगल से भी पुलिस जांच कर रही है। जल्द मामले को सुलझाते हुए आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।


