सीआई ज्योति नायक की मौत मामले में हर एंगल से जांच कर रही पुलिस

सीआई ज्योति नायक की मौत मामले में हर एंगल से जांच कर रही पुलिस

श्रीगंगानगर। दुर्गा मंदिर एरिया में हुई सड़क दुर्घटना में सीआई ज्योति नायक की मौत के मामले में पुलिस अब हर एंगल से जांच कर रही है। मृतका की किसी के साथ पुरानी रंजिश होने की संभावना को देखते हुए पुलिस हादसे को केवल सड़क दुर्घटना मानकर नहीं चल रही, बल्कि यह भी खंगाल रही है कि कार चालक किसी साजिश का हिस्सा तो नहीं था। पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि कार चालक नितेश कुमार के खिलाफ एफआइआर दर्ज हो चुकी है। कोतवाली सीआई पृथ्वीपाल सिंह को मामले की जांच अधिकृत किया गया है। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल कॉल डिटेल भी मोबाइल कंपनी से मांगी है, जो अगले चौबीस घंटे में आने की उम्मीद है। एसपी ने बताया कि घटना स्थल से एफएसएल और डॉग स्क्वाइड की रिपोर्ट को भी जांच के दायरे में लिया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि जिस कार से सीआई ज्योति नायक की मौत हुई, यह कार अक्सर तेज गति में ड्राइव किया जाता था। वर्ष 2024 में दो बार 15 मई और 17 जुलाई को इस कार का ओवरस्पीड चालान काटा गया। इसके बाद 21 अप्रैल 2025 और 11 जनवरी 2026 को भी चालान दर्ज किया गया।

आरोपी को जिला अस्पताल से मिली छुट्टी, पुनः ब्लड सैंपल भेजा

खाजूवाला क्षेत्र, चक 4 केजेडी निवासी नितेश कुमार को जिला अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। कोतवाली पुलिस उसकी पूछताछ कर रही है कि कार वह कहां से लेकर आया और कहां जा रहा था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने कार अपने परिचित से मांगकर ली थी और रात को नींद न आने के कारण सेतिया कॉलोनी से कोड़ा चौक जाकर समय बिताने का इरादा था। पुलिस ने आरोपी का दूसरा ब्लड सैंपल लेकर रिपोर्ट भेजवाई है। फिलहाल पुलिस ने कार चालक नितेश को गिरफ़्तार नहीं किया गया है।

दुर्घटना से 14 मिनट पहले यहां किए थे सीआई ज्योति ने साइन

सूरतगढ़ बाइपास किसान चौक पर बुधवार तड़के 3 बजकर 30 मिनट पर रात्रिकालीन गश्त के दौरान महिला थाना की सीआई ज्योति नायक पहुंची। वहां महिला थाने के एएसआई लक्ष्मीनारायण, महिला कांस्टेबल कविता, महिला कांस्टेबल सुरेश और कांस्टेबल हरदीप सिंह की डयूटी लगी हुई थी। अपने थाने के इन स्टाफ की डयूटी चैक करने के लिए जब पहुंची तब एएसआई लक्ष्मी नारायण ने सलूट करते हुए जय हिन्द बोला। इस एएसआई ने पत्रिका को बताया कि मैडम ज्योति सरकारी गाड़ी से बाहर निकली और वहां मौजूद चेकिंग रजिस्टर में सभी की हाजिरी लगाई और अच्छी डयूटी करने पर हौंसला अफजाई भी की। इसके बाद चेकिंग रजिस्टर पर साइन भी किए। साइन करते हुए सीआई ज्योति की फोटो भी कराई। इसके बाद सीआई दुर्गा मंदिर एरिया के पास रमेश चौक पर खड़े दो पुलिस कार्मिकों की डयूटी जांचने के लिए जा रही थी, इस चेक प्वाइंट से पहले बुधवार तड़के 4 बजकर 4 मिनट पर यह हादसा हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *