छिंदवाड़ा में आगामी होली और रमजान माह को देखते हुए शहर में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए शनिवार को पुलिस प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने लोगों को शांति और सौहार्द्र के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया। फ्लैग मार्च पुलिस कंट्रोल रूम से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा। मार्च बस स्टैंड, जेल तिराहा, फव्वारा चौक, गोलगंज, अकबरी मस्जिद, रॉयल चौक, छोटी बाजार, पावर हाउस, छोटा तालाब और यातायात तिराहा होते हुए पुलिस लाइन पहुंचा। फ्लैग मार्च में नगर पुलिस अधीक्षक अजय राणा, रक्षित निरीक्षक आशीष तिवारी, राकेश तिवारी, थाना प्रभारी कोतवाली आशीष धुर्वे, थाना प्रभारी देहात गोविंद राजपूत, थाना प्रभारी कुंडीपुरा महेन्द्र भगत और चौकी प्रभारी धरमटेकड़ी अविनाश पारधी सहित पुलिस लाइन व विभिन्न थानों का बल मौजूद रहा। पुलिस प्रशासन के अनुसार त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी सुरक्षा बल बलवा सामग्री के साथ पूरी तरह सतर्क हैं और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों को शांति, प्रेम और सौहार्द्र के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाली किसी भी असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


