जौनपुर में सरायख्वाजा और बक्सा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद दो असलहा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की गोली लगने से दोनों आरोपी घायल हो गए। उनके कब्जे से हथियार, कारतूस, एक मोटरसाइकिल और 1.25 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक सरायख्वाजा और थानाध्यक्ष बक्सा अपनी टीमों के साथ सक्रिय थे। पुलिस टीम छबिलेपुर से छुन्छा गांव जाने वाले मार्ग पर छुन्छा पुलिया के पास नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों ने पुलिस को रोकने पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। दोनों को मौके से ही पकड़ लिया गया जवाबी फायरिंग में एक अभियुक्त गुडलक तिवारी (पुत्र हृदय नारायण, निवासी खानपुर, थाना सिंगरामऊ, जौनपुर) के दाहिने पैर में गोली लगी। दूसरे अभियुक्त शशांक सिंह उर्फ साहिल (पुत्र अजीत प्रताप सिंह, निवासी आहोपुर, थाना सिंगरामऊ, जौनपुर) के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों को मौके से ही पकड़ लिया गया। इस दौरान उनके साथ मौजूद तीन अन्य अभियुक्त अंधेरे का फायदा उठाकर दूसरे वाहन से फरार हो गए। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 0.315 बोर के दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और 1,25,000 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे असलहा खरीदने और बेचने का काम करते हैं। वे अपने तीन अन्य साथियों के साथ असलहा खरीदने के लिए पैसे लेकर जा रहे थे। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना सरायख्वाजा में मु0अ0सं0-169/2026 धारा 3(5), 109(1) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


