Police Constable Video: “परित्राणाय साधुनाम्”- सज्जनों की रक्षा का संकल्प लेने वाली छत्तीसगढ़ पुलिस की छवि उस वक्त कठघरे में आ गई, जब महासमुंद जिले में एक वर्दीधारी आरक्षक का नशे की हालत में सड़क पर पड़े होने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 9 फरवरी की सुबह करीब 11 बजे का है। घटना शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से जुड़े जिला अस्पताल मार्ग पर मेडिकल कॉलेज मोड़ के पास की बताई जा रही है।
Police Constable Video: करीब आधे घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा आरक्षक
वायरल वीडियो में खल्लारी थाना में पदस्थ आरक्षक लाल सिंह बाकरे लड़खड़ाते हुए सड़क किनारे एक ठेले के पास बैठता नजर आता है और कुछ ही देर बाद वहीं सड़क पर गिरकर लेट जाता है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरक्षक करीब आधे घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा। इस दौरान कई राहगीर वहां से गुजरते रहे, लेकिन पुलिसकर्मी होने के कारण कोई उसे हटाने या टोकने का साहस नहीं कर पाया।
बाद में एक व्यक्ति ने आरक्षक को उठाने की कोशिश की, मगर नशे की हालत में वह खुद को संभाल नहीं सका। इस दौरान उसके पैर से जूता भी निकल गया। सूचना मिलने पर अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आरक्षक को मेडिकल कॉलेज ले जाकर चिकित्सकीय जांच कराई।
मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि, कार्रवाई की तैयारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मेडिकल परीक्षण में आरक्षक द्वारा शराब सेवन की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि संबंधित आरक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
पुलिस की साख पर उठे सवाल
Police Constable Video: एक ओर जहां पुलिस प्रशासन नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान चला रहा है, वहीं दूसरी ओर एक वर्दीधारी जवान का सार्वजनिक स्थल पर नशे की हालत में पाया जाना, पुलिस के अनुशासन, जिम्मेदारी और कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।


