झोटवाड़ा सर्कल में शनिवार को पुलिस आयुक्तालय की ओर से जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जल्द एवं विधि-सम्मत निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में करीब 50 सीएलजी सदस्य और विभिन्न थाना क्षेत्रों से लगभग 100 परिवादी शामिल हुए। पुलिस कमिश्नर ने प्रत्येक परिवादी की शिकायत को व्यक्तिगत रूप से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान पुलिस कमिश्नर ने सर्किल कार्यालय में बीट सूचना पट्ट का भी विमोचन किया। करीब एक हजार बीट सूचना पट्ट स्थापित किए जाएंगे, जिन्हें संबंधित बीट अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगाएंगे। इस पहल का उद्देश्य आमजन को अपने क्षेत्र के बीट अधिकारी की जानकारी उपलब्ध कराना और पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करना है।
इस अवसर पर स्पेशल पुलिस कमिश्नर राहुल प्रकाश, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनीष अग्रवाल, पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) हनुमान प्रसाद, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता तथा सहायक पुलिस आयुक्त झोटवाड़ा आलोक सैनी मौजूद रहे। साथ ही झोटवाड़ा, करधनी, मुरलीपुरा, कालवाड़ और खोराबीसल थाना क्षेत्रों के थानाधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
पुलिस कमिश्नर ने जनसुनवाई में 100 से अधिक पीड़ितों की सुनी फरियाद


