बांसवाड़ा में आगामी पंचायती राज चुनावों और त्योहारों के दौरान शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। गुरुवार रात को आईजी उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार और एसपी सुधीर जोशी के नेतृत्व में जिले के शहरी व ग्रामीण इलाकों में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च कर अपनी ताकत का अहसास कराया। शहर के हर कोने में पहुंची पुलिस एसपी सुधीर जोशी और एएसपी नरपत सिंह भाटी की मौजूदगी में पुलिस लाइन से शुरू हुआ मार्च शहर के प्रमुख हिस्सों से गुजरा। पुलिस का यह दल सुरजपोल गेट से रवाना होकर मकरानी वाडा, खांदू कॉलोनी, नया बस स्टैंड, सदर बाजार, आजाद चौक, महालक्ष्मी चौक, कालिका माता और कस्टम चौराहा होते हुए राजतालाब थाने तक पहुंचा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन से संवाद कर शांति बनाए रखने और सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूत करने की अपील की। ग्रामीण क्षेत्रों में भी कड़ी सुरक्षा शहर के साथ-साथ उपखंड मुख्यालयों पर भी पुलिस ने मार्च किया। गढ़ी वृत्ताधिकारी बाबूलाल रेगर के नेतृत्व में परतापुर कस्बे में फ्लैग मार्च निकाला गया। इसमें गढ़ी थाना प्रभारी प्रकाशचंद्र और अरथूना थाना प्रभारी विनोद कुमार सहित भारी पुलिस जाब्ता मौजूद रहा। मार्च में शामिल रहा भारी अमला इस फ्लैग मार्च में पुलिस के आला अधिकारियों के साथ साइबर थाना प्रभारी गोविंद सिंह, एससी/एसटी सेल प्रभारी श्याम सिंह, सुहासी जैन सहित कई थानों के थानाधिकारी शामिल थे। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए आरएसी, क्यूआरटी, एमबीसी और आईजीपी रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने भी हिस्सा लिया। एसपी सुधीर जोशी ने बताया – हमारा उद्देश्य जिले में शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना है। चुनाव और त्योहारों के मद्देनजर किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


