कवर्धा शहर में कबीरधाम पुलिस ने गोगो पेपर और अन्य प्रतिबंधित नशीली चीजों के खिलाफ अभियान चलाया। शहर के प्रमुख बाजारों, पान की दुकानों और ठेलों में अचानक और सघन जांच की गई। इस दौरान कई दुकानों और ठेलों से गोगो पेपर और अन्य प्रतिबंधित नशीली सामग्री बरामद की गई और मौके पर ही जब्त कर लिया गया। दुकानदारों और ठेला संचालकों को चेतावनी दी गई कि अगर भविष्य में कोई भी प्रतिबंधित सामग्री बेची गई तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। डीएसपी कृष्णा चंद्राकर ने बताया कि पुलिस लगातार नशे के खिलाफ अभियान चला रही है ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके और समाज नशा मुक्त हो। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि अगर किसी को नशे से जुड़ी अवैध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। कबीरधाम पुलिस आम लोगों से सहयोग की उम्मीद करती है ताकि मिलकर नशा मुक्त समाज बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें। यह अभियान कबीरधाम पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह व अमित पटेल के मार्गदर्शन में चलाया गया। डीएसपी कृष्णा चंद्राकर और थाना प्रभारी योगेश कश्यप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हर संदिग्ध जगह की बारीकी से जांच की।


