घाटमपुर के टेनापुर मोड़ के पास बुधवार दोपहर कानपुर-सागर हाइवे पर एक डंपर की टक्कर से हाईटेंशन (एचटी) लाइन का बिजली पोल टूटकर गिर गया। इससे हाइवे पर यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तत्काल बिजली सप्लाई बंद कराई। यह घटना तब हुई जब फतेहपुर जिले के गौरी जरारा गांव निवासी डंपर चालक रामचंद्र कानपुर से कबरई जा रहे थे। उन्होंने बताया कि टेनापुर मोड़ के पास एक ढाबे पर खाना खाने के बाद जब वह डंपर लेकर आगे बढ़े, तो डंपर का पिछला हिस्सा हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। इससे चलती हुई एचटी लाइन हाइवे पर गिर गई। ग्रामीणों ने तुरंत हाइवे पर वाहनों को रोककर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पतारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचित कर बिजली सप्लाई बंद करवाई। इस घटना के कारण लगभग आधा घंटे तक हाइवे पर यातायात प्रभावित रहा। बिजली सप्लाई बंद होने के बाद लाइनमैन मौके पर पहुंचे और गिरे हुए बिजली के तारों को किनारे किया। इसके बाद हाइवे पर यातायात बहाल हो सका। अधिकारियों ने बताया कि जिस समय तार गिरे, उस समय कोई वाहन वहां से नहीं गुजर रहा था। घाटमपुर के एक्सईएन अमर दीप ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही लाइनमैन को मौके पर भेजा गया था। तारों को तुरंत किनारे करवाकर बिजली सप्लाई बहाल की गई है। घाटमपुर इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि एचटी लाइन को किनारे करवाकर हाइवे पर यातायात बहाल कराया गया है। उन्होंने कहा कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


