शौचालय के बहाने गया पॉक्सो एक्ट का आरोपी, खिड़की से शीशा तोड़कर काट लिया खुद का गला

शौचालय के बहाने गया पॉक्सो एक्ट का आरोपी, खिड़की से शीशा तोड़कर काट लिया खुद का गला

बस्ती के लालगंज थाने के लॉकअप में बंद एक आरोपी ने शौचालय के भीतर खुदकुशी करने की कोशिश की। आरोपी ने खिड़की का शीशा तोड़कर अपने गले पर वार कर लिया। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे समय रहते देख लिया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

शौचालय जाने के बहाने रची साजिश

पुलिस आरोपी आशिक अली को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मी से शौचालय जाने की इच्छा जताई। जब उसे शौचालय ले जाया गया, तो उसने वहां लगी खिड़की का शीशा तोड़ दिया और उसके टुकड़े से अपने गले पर हमला कर दिया। पुलिस को जानकारी मिलते ही उसे आनन-फानन में बनकटी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई और फिर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

जमानत पर बाहर आकर फिर शुरू की छेड़खानी

आरोपी आशिक अली पर पहले से ही नाबालिग लड़की को अगवा करने और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज था। वह करीब पांच महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था। आरोप है कि जेल से छूटते ही वह पीड़िता को फिर से परेशान करने लगा। वह फोन पर गालियां देता और जान से मारने की धमकी देता था। शनिवार को वह जबरन पीड़िता के घर में घुस गया जिसके बाद परिजनों ने उसे कमरे में बंद कर पुलिस को सूचना दी।

पूरे परिवार पर दर्ज हुआ मुकदमा

पीड़िता की मां का आरोप है कि आशिक अली और उसके परिजन लगातार उनकी बेटी को अगवा करने की कोशिश कर रहे थे। 17 जुलाई को तो आरोपी अपने माता-पिता और भाई के साथ घर पर आ धमका और लड़की को जबरन बाइक पर बिठाकर ले जाने लगा। विरोध करने पर मारपीट भी की गई। इस मामले में कोर्ट के आदेश पर अब पुलिस ने आशिक अली के साथ-साथ उसके पिता मोहम्मद असलम, मां और भाई के खिलाफ भी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *