मेरठ के सरुरपुर खुर्द निवासी अरुण कुमार को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 3 किलोवाट क्षमता का ऑनग्रिड सोलर पावर प्लांट स्थापित करने के लिए सम्मानित किया गया है। प्रधानमंत्री ने 29 मार्च को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उनके इस कार्य की सराहना की थी। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह और मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल ने कलेक्ट्रेट सभागार में संयुक्त रूप से अरुण कुमार को शॉल और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान के अवसर पर अरुण कुमार ने बताया कि नवंबर 2025 से मार्च 2026 तक उनके घर का बिजली बिल शून्य आया है। साथ ही, उन्होंने कुल 1333 रुपये की बिजली ग्रिड को निर्यात की है। उन्हें राज्य सरकार और भारत सरकार से 1,08,000 रुपये का अनुदान भी प्राप्त हुआ है। अरुण कुमार ने कहा कि सोलर सिस्टम लगाने के बाद उनका परिवार बहुत खुश है और उन्हें इस योजना से काफी लाभ हुआ है। इस अवसर पर यूपीनेडा मेरठ के परियोजना प्रभारी, ई.जी सोलर सोल्यूशन के एमडी लोकेश वत्स, मैसर्स गेट सोलर ई.पी.सी इंडिया के शगुन सोनकर सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


