प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात दौरे के दौरान मंगलवार को बनासकांठा जिले के वाव-थराद से अहमदाबाद महानगरपालिका (मनपा ) के लोगों को 4640 करोड़ की लागत वाले 32 विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने 1510 करोड़ की 13 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जबकि 19 परियोजनाओं का शिलान्यास किया, जिनकी लागत 3129 करोड़ रुपए है।इन परियोजनाओं में पानी की आपूर्ति और वितरण स्टेशन, सड़क और बुनियादी ढांचे का विकास, वस्त्राल में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, इंटीग्रेटेड ग्रुप हाउसिंग, खारीकट नहर विकास, ड्रेनेज और सीवेज व्यवस्था को मजबूत बनाने जैसे कार्य शामिल हैं। इनसे अहमदाबाद शहर को आधुनिक और सुविधा संपन्न बनाने की दिशा में नई गति मिलेगी।वस्त्राल में नवनिर्मित 61.67 करोड़ रुपए की लागत वाले स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 43,890 वर्गमीटर क्षेत्र में फैला यह कॉम्प्लेक्स खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। इसमें 400 मीटर एथलेटिक ट्रैक, फुटबॉल ग्राउंड, टेनिस कोर्ट, स्विमिंग पूल, जिम्नेशियम, मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स हॉल और इंडोर-आउटडोर खेलों की आधुनिक व्यवस्था की गई है।
प्रमुख कार्य और लागत
शहर में खारीकट नहर विकास (फेज-2) का शिलान्यास किया गया, इसकी लागत लगभग 1061.43 करोड़ रुपए है। जबकि बीआरटीएस और एएमटीएस के लिए इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम का भी शिलान्यास किया गया इसकी लागत लगभग 467 करोड़ रुपए है। नरोडा से नारोल सर्कल तक 14 किमी सड़क विकास का भी शिलान्यास किया गया, इसकी लागत लगभग 255.35 करोड़ रुपए है।


